खबरें शेयर करें -

नारी शक्ति पर सियासी संग्राम: उधर भाजपा का वंदन अभियान, इधर कांग्रेस ने भंग की महिला जिला कार्यकारिणी!
दर्पण न्यूज़ 24/7 ब्यूरो
प्रमोद बमेटा
देहरादून/पिथौरागढ़। उत्तराखंड की राजनीति में महिला शक्ति को लेकर सियासी संदेशों की जंग तेज हो गई है। एक ओर भाजपा पूरे प्रदेश में “नारी शक्ति वंदन अभियान” के जरिए महिलाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने पिथौरागढ़ में महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
कांग्रेस संगठन की ओर से जारी आदेश में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी पर अनुशासनहीनता के आरोपों का हवाला देते हुए पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले के बाद पिथौरागढ़ की सियासत गरमा गई है और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस प्रदेशभर में “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” आयोजित कर कार्यकर्ताओं को एकजुटता, अनुशासन और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संदेश दे रही है। दूसरी ओर भाजपा महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी को लेकर लगातार अभियान चला रही है।
कांग्रेस की इस कार्रवाई के बाद अब राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर बयानबाजी तेज होने की संभावना है। माना जा रहा है कि भाजपा इस मुद्दे को महिला सम्मान और संगठनात्मक स्थिरता से जोड़कर कांग्रेस पर हमलावर हो सकती है, जबकि कांग्रेस इसे पूरी तरह अनुशासन बनाए रखने के लिए उठाया गया संगठनात्मक कदम बता रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को लेकर दोनों प्रमुख दलों की सक्रियता बढ़ गई है। ऐसे में पिथौरागढ़ का यह घटनाक्रम प्रदेश की सियासत में नई चर्चा का विषय बन गया है।

उत्तराखंड