अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता (करन सतवाल)
खटीमा। बिगराबाग में घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने के आभूषण चोरी करने के मामले का खटीमा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बिगराबाग निवासी रामवती पत्नी शेर सिंह राना ने 23 जुलाई को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान शेखर राना पुत्र जगदीश सिंह राना निवासी चांदपुर, खटीमा का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने उसे कोतवाली बुलाकर पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए आभूषण सितारगंज के ग्राम बरूवाबाग स्थित अपने किराये के मकान में छिपाकर रखे हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी पोंजी, एक जोड़ी कानफूल, मंगलसूत्र के 10 दाने और एक लॉकेट, सभी पीली धातु के, बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल नवीन रजवार और कांस्टेबल उमेश जोशी शामिल रहे।
