हल्दूचौड़ में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 318 लोगो को मिला विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ तो मालधनचौड़ में एचपीवी टीकाकरण से बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की पहल, सैकड़ों लोगों को मिला जांच-परामर्श और उपचार का लाभ।
प्रमोद बमेटा
हल्दूचौड़/मालधनचौड़, 7 अगस्त। जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में हल्दूचौड़ और मालधनचौड़ में आयोजित दो अलग-अलग स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रवासियों और छात्राओं को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता का लाभ मिला।
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ में आयोजित मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर के द्वितीय दिवस पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में जनरल मेडिसिन, बाल रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, दंत चिकित्सा, आयुष, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी जांच एवं परामर्श, एनसीडी स्क्रीनिंग, प्रयोगशाला जांच, एक्स-रे, ईसीजी, परिवार कल्याण सेवाओं के साथ आयुष्मान भारत योजना और आभा आईडी निर्माण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 318 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ। इनमें 67 बच्चों की बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच, 42 मरीजों को अस्थि रोग परामर्श, 54 मरीजों को चर्म रोग उपचार तथा 16 मरीजों का मानसिक रोग विशेषज्ञ द्वारा परीक्षण किया गया।
इसके अलावा 294 लोगों की ब्लड प्रेशर, 163 की ब्लड शुगर और 175 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। वहीं 24 लोगों की नेत्र जांच, 34 की दंत जांच, 82 लोगों की रक्त जांच और 116 लोगों के एक्स-रे किए गए। शिविर में 110 आभा आईडी और 12 आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर कन्याल और ब्लॉक प्रभारी प्रभारी चिकित्साधिकारी पीएचसी मोटहल्दू डॉ ममता सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मालधनचौड़ में 13 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण
उधर, मालधनचौड़ क्षेत्र में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमड़इया डाम प्रथम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधनचौड़ एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में एचपीवी टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, इससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी वैक्सीन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान 13 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यालयों से पात्र बालिकाओं के टीकाकरण में सहयोग करने की अपील की।
स्वास्थ्य जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने एक ओर जहां हल्दूचौड़ में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं और आवश्यक जांच सुविधाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाया, वहीं मालधनचौड़ में किशोरियों को एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में स्वास्थ्य महकमे की इन पहलों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही लोगों को समय पर जांच, उपचार और बचाव के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
