खबरें शेयर करें -

चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति!

प्रमोद बमेटा ब्यूरो दर्पण न्यूज 24/7  देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने उत्तराखंड में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। अगस्त माह में राष्ट्रवाद, संगठन की मजबूती और विधानसभा स्तर पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा को लेकर पार्टी ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। भाजपा अब केवल सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के आंकड़ों के सहारे चुनावी रणनीति बनाने के बजाय जमीनी स्तर पर योजनाओं की पहुंच और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का भी आकलन करेगी।

पार्टी की ओर से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रवाद का संदेश बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के विभाजन और उससे जुड़ी त्रासदी की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं संभाग के मंडल एवं जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसी दिन अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों तथा विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में संगठन की सक्रियता, जनप्रतिनिधियों की क्षेत्र में सक्रियता तथा जनता के बीच उनकी पकड़ को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक बैठकों में विधायकों से उनके क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की वास्तविक स्थिति, जनता के साथ संवाद, संगठन के साथ समन्वय और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक ढांचा कितना मजबूत है और संबंधित जनप्रतिनिधि की स्थानीय स्तर पर कितनी प्रभावी पकड़ है।

पार्टी की रणनीति का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कमजोर क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने पर रहेगा। अगस्त में होने वाली बैठकों और राष्ट्रवादी कार्यक्रमों के जरिए भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी जमीनी तैयारियों को परखने और संगठन को और धार देने की कवायद में जुट गई है।