खबरें शेयर करें -

ग्रामीण विकास में जन-जन की सहभागिता के संकल्प के साथ मनाया गया बमेटा बंगर खीमा ग्राम पंचायत में स्वतंत्रता दिवस!
ग्राम प्रधान मुकेश दुमका ने किया ध्वजारोहण!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़।
ग्राम सभा बमेटा बंगर खीमा शिवपुरी स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। ग्राम प्रधान मुकेश दुमका ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और प्रगति का संकल्प लिया।
ग्राम प्रधान मुकेश दुमका ने देश, प्रदेश और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के चहुंमुखी विकास के लिए जन-जन की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। पंचायत क्षेत्र में विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत का विकास केवल जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की सामूहिक जिम्मेदारी है। जन-जन के सहयोग और संकल्प के साथ बमेटा बंगर खीमा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में ग्राम पंचायत के उपप्रधान देवीदत्त भट्ट, मंदिर कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक किशन सिंह बिष्ट, मोहन सिंह बिष्ट, सुंदर सिंह कुंवर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतू दुमका सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
ग्राम प्रधान मुकेश दुमका ने कहा कि एकजुट ग्रामीण, मजबूत पंचायत और सामूहिक संकल्प ही समृद्ध गांव की आधारशिला है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने और पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।