खबरें शेयर करें -

चित्रेश्वर धाम में कथित अतिक्रमण पर पहाड़ी समाज में उबाल, 29 अगस्त को महापंचायत का ऐलान

21 अगस्त को सीओ हल्द्वानी और 22 अगस्त को मुख्यमंत्री-कुमाऊं आयुक्त से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

दर्पण न्यूज 24×7 | हल्द्वानी

रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम में कथित अतिक्रमण को लेकर पहाड़ी समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजमाता जिया रानी की तपोभूमि और कत्यूरी राजवंश से जुड़े इस पौराणिक स्थल पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए समाज के लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बैठक में साफ चेतावनी दी गई कि यदि शासन-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 अगस्त को सीओ हल्द्वानी को शिकायत पत्र सौंपकर पौराणिक मंदिर परिसर से कथित अतिक्रमण हटाने की मांग की जाएगी। वहीं 22 अगस्त को कत्यूरी समाज का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल कथित रूप से बनाए गए शनि मंदिर के ढांचे को अन्यत्र स्थापित करने सहित अन्य मांगों को लेकर अधिकारियों के समक्ष पक्ष रखेगा।

बैठक में यह भी ऐलान किया गया कि यदि शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो 29 अगस्त को चित्रेश्वर धाम में अतिक्रमण के खिलाफ महापंचायत आयोजित की जाएगी। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला केवल जमीन या निर्माण का नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ा है।

पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि समाज अपनी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं के साथ किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और संसाधनों की रक्षा के लिए पहाड़ी समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

राजमाता जिया रानी समिति के अध्यक्ष रमेश मनराल और चंदन मनराल ने आरोप लगाया कि जिला स्तरीय प्राधिकरण की ओर से पूर्व में कई बार नोटिस और ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए जाने के बावजूद शनि मंदिर नाम से बनाए गए ढांचे को नहीं हटाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आदेशों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई और प्रशासन इस मामले में मौन क्यों है।

सीता रावत, राजेंद्र मनराल और प्रेमा मेर ने भी कथित अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की रक्षा के लिए समाज को अब संगठित होकर आगे आना होगा।

बैठक में जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल, राजेंद्र मनराल, कविता जीना, प्रेमा मेर, चंदन मनराल, दीपा बोरा, विनोद सिंह बिष्ट, मनोज रावत, जय रावत, विनोद नेगी, सुभाष कांडपाल, राजेंद्र जोशी, अनुराग भारती आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड