








डॉ. आकृति जायसवाल बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, मोटाहल्दू के लिए भी गर्व का क्षण!
दर्पण न्यूज 24/7 मोटाहल्दू। प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. आकृति जायसवाल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के मनोचिकित्सा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
डॉ. आकृति जायसवाल की सफलता मोटाहल्दू क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। वह मोटाहल्दू की शिक्षाविद् श्रीमती आनंदी गड़िया एवं समाजसेवी तथा वरिष्ठ पत्रकार दलीप सिंह गड़िया की पुत्रवधू हैं। ऐसे में उनकी उपलब्धि को गड़िया परिवार के साथ-साथ मोटाहल्दू क्षेत्र की उपलब्धि के रूप में भी देखा जा रहा है।
मनोचिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा क्षेत्र में असिस्टेंट प्रोफेसर का दायित्व मिलने के बाद डॉ. आकृति जहां भावी चिकित्सकों को शिक्षित करेंगी, वहीं मरीजों के उपचार और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
डॉ. आकृति की नियुक्ति की खबर मिलते ही गड़िया परिवार के शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और बेहतर शिक्षा के जरिए सफलता के नए मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
दर्पण न्यूज 24×7 की ओर से डॉ. आकृति जायसवाल को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
