








स्व. गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति को स्थायी सम्मान देने की पहल, हल्द्वानी मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखने की मांग!
मुख्यमंत्री धामी ने भी दूरभाष से दी श्रद्धांजलि, कहा—असमय जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति!
हल्द्वानी, 14 सितंबर। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता और सूचना विभाग में गहरा शोक है। सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से जुड़कर स्वर्गीय जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इसी बीच नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की उत्तराखंड इकाई, हल्द्वानी प्रेस क्लब, लालकुआं प्रेस क्लब और आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ की ओर से हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने की मांग उठाई गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने शोक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जोशी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है और वह व्यक्तिगत रूप से इससे बहुत आहत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का जाना सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह इस संसार में भले ही नहीं रहे, लेकिन अपने कार्यों और व्यवहार से उन्होंने जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरण में रहेगी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय जोशी का नाम और उनके अच्छे कार्य आने वाले समय में भी स्मरणीय रहें, इसके लिए सभी से विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्य किया जाएगा।
इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए पत्रकार संगठनों ने मांग की है कि हल्द्वानी में बन रहे नए मीडिया सेंटर को स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम से समर्पित किया जाए। संगठनों का मानना है कि यह नामकरण उनके प्रति केवल औपचारिक सम्मान नहीं होगा, बल्कि पत्रकारों और सूचना विभाग के बीच बेहतर समन्वय, सहज व्यवहार और संवाद की उनकी कार्यशैली को स्थायी स्मृति प्रदान करेगा।
एनयूजेआई के प्रदेश मुख्य संरक्षक एवं हल्द्वानी प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय तलवार ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी का व्यक्तित्व ऐसा था, जिसे उनके पद से कहीं अधिक उनके व्यवहार और कार्यों के लिए याद किया जाएगा। पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार, समस्याओं को सुनने की तत्परता और हर परिस्थिति में सहयोग करने की भावना उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान देती थी।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में बनने वाले नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह आने वाली पीढ़ी के पत्रकारों को भी बताएगा कि एक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए किस तरह पत्रकारों के बीच विश्वास और आत्मीयता कायम कर सकता है।
संजय तलवार ने कहा कि जोशी की स्मृतियां केवल उनके परिवार या सहकर्मियों तक सीमित नहीं हैं। पत्रकारिता जगत से जुड़े तमाम लोगों के साथ उनके आत्मीय संबंध रहे। ऐसे में उनके नाम पर मीडिया सेंटर का नामकरण उनकी सेवाओं और योगदान को स्थायी रूप से याद रखने का सार्थक माध्यम बन सकता है।
इस मांग के साथ लालकुआं प्रेस क्लब और आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ ने भी अपनी सहमति जताते हुए कहा है कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों को जीवित रखने के लिए इससे बेहतर सम्मान शायद ही कोई हो।
इधर, मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के सरल, सहज और सहयोगी व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गिरिजा शंकर जोशी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके नाम को यदि हल्द्वानी के मीडिया सेंटर की पहचान मिलती है तो पत्रकारों के बीच उनके स्नेह, सहयोग और समर्पण की स्मृति हमेशा जीवित रह सकती है। यही उनके प्रति एक सच्ची और स्थायी श्रद्धांजलि होगी।
