








100 साल बाद भी यादों में जिंदा हैं गुलाब सिंह, जयंती पर गूंजा जनसेवा का संदेश!
मोटाहल्दू। चकराता के पूर्व विधायक और उत्तराखंड के वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जन्म जयंती पर मंगलवार को मोटाहल्दू स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर लोगों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि समय बीतने के साथ ऐसे जननेताओं की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह का पूरा सार्वजनिक जीवन आम आदमी की आवाज बनने और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने चकराता क्षेत्र के साथ ही उत्तराखंड के विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। राजनीति में रहते हुए उन्होंने जनहित को प्राथमिकता दी और अपने आचरण से सादगी तथा सिद्धांतों की मिसाल कायम की।
उन्होंने कहा कि आज जब सार्वजनिक जीवन में मूल्यों और सिद्धांतों की चर्चा होती है, तब गुलाब सिंह जैसे जननेताओं का स्मरण और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि राजनीति केवल पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और जनता की सेवा का दायित्व भी है।
संदीप पांडे ने कहा कि गुलाब सिंह की राजनीतिक और सामाजिक विरासत आज भी लोगों के बीच जीवंत है। उनके विचार और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। उनके आदर्शों को आत्मसात करना और समाज के हित में काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गुलाब सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा क्षेत्र और समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संदीप पांडे, भास्कर जोशी, संजय सुनाल, योगेश आर्य, प्रतीक जोशी, मनोज भट्ट, राजेंद्र जोशी, भावेश बिरखानी, योगेश कपिल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
