खबरें शेयर करें -

आर्थिक तंगी इलाज में नहीं बनेगी बाधा, एसटीएच में पात्र मरीजों को निशुल्क उपचार!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए राहत की खबर है। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बीपीएल और आयुष्मान कार्ड धारकों को पात्रता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने पर नियमानुसार निशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। योजना से संबंधित जानकारी और पात्रता की प्रक्रिया के लिए मरीज या उनके परिजन अस्पताल में संचालित आयुष्मान केंद्र अथवा संबंधित काउंटर से संपर्क कर सकते हैं।

इन मरीजों को भी मिलती है सुविधा!

अस्पताल में एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) से जुड़े मरीजों के अलावा थैलेसीमिया और हीमोफीलिया से पीड़ित पात्र मरीजों को भी नियमानुसार निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के खर्च से राहत मिल रही है।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों पर भी फोकस!

एसटीएच में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और एक वर्ष तक के बच्चों के लिए भी निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और मरीजों को सही जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

डॉ. जोशी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति उपचार में बाधा न बने। पात्र मरीजों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका लाभ उठाना चाहिए।