खबरें शेयर करें -

जयपुर बीसा के बच्चों की पढ़ाई पर संकट, शैमफोर्ड ने उपलब्ध कराए दो कक्ष!

विद्यालय भवन में जलभराव और पुनर्निर्माण के चलते लिया गया निर्णय, भवन तैयार होने तक निःशुल्क चलेगी कक्षाएं!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।

जयपुर बीसा राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन में जलभराव और जीर्ण-शीर्ण स्थिति के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण को देखते हुए शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के चेयरमैन अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए अपने विद्यालय में दो कक्ष निःशुल्क उपलब्ध कराए हैं। यह व्यवस्था प्राथमिक विद्यालय का नया भवन तैयार होने तक जारी रहेगी।

शैमफोर्ड स्कूल में कक्षाएं शुरू होने के साथ विद्यार्थियों को वहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं से भी परिचित कराया गया। बच्चों ने विद्यालय के पुस्तकालय, गणित प्रयोगशाला और कंप्यूटर प्रयोगशाला का भ्रमण किया। आधुनिक सुविधाओं को देखकर विद्यार्थियों में उत्सुकता दिखाई दी। इस दौरान दया सागर बिष्ट ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जयपुर बीसा प्राथमिक विद्यालय के भवन के पुनर्निर्माण की अवधि में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसी उद्देश्य से दो कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं इसी व्यवस्था के तहत संचालित की जाएंगी।

अधिवक्ता दया सागर बिष्ट ने कहा कि विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण में लगने वाले समय के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए शैमफोर्ड में कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं।

इस व्यवस्था में निदेशक राजेश बिष्ट, चेयरपर्सन ऋचा बिष्ट, निदेशक शैक्षणिक अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सहयोग रहा।