








झोलाछापों पर कार्रवाई की मांग, मानकविहीन क्लीनिकों की होगी जांच!
सर्वजन दिव्यांग कल्याण समिति ने सीएमओ कैंप कार्यालय में सौंपा ज्ञापन!
हल्द्वानी, 16 सितंबर। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के मरीजों का उपचार करने वाले कथित झोलाछापों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सर्वजन दिव्यांग कल्याण समिति ने मोर्चा खोल दिया है। समिति अध्यक्ष शंकर लाल और सामाजिक कार्यकर्ता ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कैंप कार्यालय में धरना देकर ज्ञापन सौंपा।
समिति की ओर से कहा गया कि बिना निर्धारित चिकित्सकीय डिग्री और आवश्यक योग्यता के लोगों द्वारा मरीजों का उपचार किया जाना गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जिले में ऐसे क्लीनिकों और कथित झोलाछापों की जांच कर नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की।
मानकों पर खरे न उतरने वाले क्लीनिकों की होगी जांच!
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि जनपद में संचालित सभी क्लीनिक और अस्पताल क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां निर्धारित मानक पूरे नहीं पाए जाते हैं, वहां जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएमओ ने समिति अध्यक्ष शंकर लाल को मामले में आवश्यक जांच कराने और नियमों के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप कार्रवाई करेगा।
अब देखना यह है कि विभाग की जांच के दायरे में जिले के कितने ऐसे क्लीनिक और उपचार केंद्र आते हैं, जहां चिकित्सकीय योग्यता और संचालन के निर्धारित मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
