








नंदा देवी महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ‘सेल्फी विद जूट बैग’ अभियान बना आकर्षण!
नैनीताल, 21 सितंबर। मां नंदा देवी महोत्सव के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद नैनीताल की ओर से पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता की अनूठी पहल की गई। ‘सैल्फी विद जूट बैग्स ’ अभियान के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक छोड़कर जूट और कपड़े के पर्यावरण-अनुकूल बैग अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने हस्तनिर्मित जूट एवं कपड़े के आकर्षक बैगों की प्रदर्शनी लगाई। इससे जहां लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया, वहीं स्थानीय महिलाओं के हुनर, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिला।
अभियान की खास बात लोगों को जूट एवं कपड़े के बैग के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रेरित करना रही। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को उत्सव में शामिल स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं तक सहज और प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया गया।
नगर पालिका की इस पहल को लोगों ने सकारात्मक रूप से लिया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नैनीताल जैसे संवेदनशील पर्यटन शहर में प्लास्टिक का कम से कम उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देना झील और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नगर पालिका ने लोगों से अपील की कि ‘प्लास्टिक को कहें ना, जूट और कपड़े के बैग अपनाएं’ और मां नंदा देवी के पावन पर्व पर नैनीताल की झील, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लें।

