

दोहरे हत्याकांड से दहला झबरेड़ी कलां, भाई ने की बहन और पड़ोसी की गोली मारकर हत्या!
प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस !
रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र का झबरेड़ी कलां गांव शनिवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। एक युवक पर अपनी बहन और पड़ोसी युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। दोनों के सीने में गोली लगी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को गोली मारी। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी विजय सिंह के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की असली वजह स्पष्ट होगी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उसके कथित गैंग कनेक्शन की सूचना भी जांच के दायरे में है। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात में प्रयुक्त हथियार और आरोपी की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
