खबरें शेयर करें -

‘स्मार्ट खेती-स्वस्थ धरती-समृद्ध किसान’ : पंतनगर किसान मेले में खेती से कमाई तक मिलेगा समाधान

पंतनगर। किसानों के लिए कृषि तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक मशीनरी और बाजार से जुड़ी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराने वाला 120वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं उद्योग प्रदर्शनी 3 से 6 अक्टूबर तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित होगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘स्मार्ट खेती-स्वस्थ धरती-समृद्ध किसान’ रखी गई है।

मेले में किसानों को आधुनिक खेती से लेकर फसल उत्पादन, पशुपालन और कृषि आधारित रोजगार तक की जानकारी और उत्पाद उपलब्ध होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यावसायिक फर्मों के स्टॉल पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

किसानों के लिए क्या खास रहेगा?

मेले में ट्रैक्टर, कंबाइन हार्वेस्टर, पावर टिलर, प्लांटर, सब-सॉइलर और सिंचाई उपकरण समेत आधुनिक कृषि मशीनरी प्रदर्शित की जाएगी। किसान अपनी जरूरत के मुताबिक नई तकनीक और मशीनों की जानकारी ले सकेंगे।

इसके अलावा उर्वरक, कीटनाशी, खरपतवारनाशी, रोगनाशी, कृषि रसायन, पशु पोषण और पशु चिकित्सा उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। किसानों के लिए रबी फसलों के गुणवत्तापूर्ण बीजों की बिक्री विशेष आकर्षण रहेगी।

बीज से बाजार तक मिलेगी जानकारी

किसानों को बीज एवं पौध, औषधीय पौधे, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, सौर ऊर्जा उत्पाद, ग्रामीण उद्योग और हस्तशिल्प से जुड़े विकल्प भी देखने को मिलेंगे। इससे खेती के साथ प्रसंस्करण और वैकल्पिक आय के अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।

बैंक और विशेषज्ञ बताएंगे योजनाओं का रास्ता।

मेले में बैंक, कृषि अनुसंधान संस्थान, सरकारी एवं निजी संस्थान और प्रकाशक भी भाग लेंगे। किसान यहां कृषि योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं, नई तकनीकों और कृषि सेवाओं की जानकारी सीधे संबंधित संस्थानों से ले सकेंगे।

किसानों के लिए यह मेला सिर्फ खरीदारी का अवसर नहीं, बल्कि नई तकनीक समझने, बेहतर बीज चुनने, लागत घटाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के विकल्प तलाशने का मंच भी होगा। विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. जितेंद्र क्वात्रा के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों से कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी फर्में मेले में भाग ले रही हैं।

उत्तराखंड