

छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, चारपाई के डंडे से सिर पर वार, घायल पिता की मौत!
खटीमा में वारदात के बाद फरार दो सगे भाई गिरफ्तार, निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो खटीमा।
बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से गुस्साए दो सगे भाइयों ने पिता के सिर पर चारपाई के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार चल रहे दोनों आरोपित भाइयों को खटीमा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के गुदहट रामनगर सुरस निवासी हिलोनी ने तहरीर दी थी। बताया गया कि परिवार काम के सिलसिले में खेतलसंडा खाम गांव आया था। आरोप है कि 27 सितंबर को गांव निवासी संजय और उसके भाई सुभाष ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान संजय और सुभाष ने रोहित के सिर पर चारपाई के डंडे से जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी के निर्देशन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस लगातार दोनों की तलाश में दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपित खेतलसंडा खाम स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास मौजूद हैं और वहां से फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संजय और सुभाष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है।
दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाल कमल कुमार लुंठी, एसएसआई केसी आर्य, एसआई राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कुलदीप सिंह शामिल रहे।
