खबरें शेयर करें -

गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रमदान कर लिया गया स्वच्छता का संकल्प!
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में पुष्पांजलि के बाद ग्राम सभा जग्गीबंगर में चला स्वच्छता अभियान, एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने किया श्रमदान!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी । गांधी और शास्त्री जयंती पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी ने महापुरुषों के विचारों को केवल मंच तक सीमित रखने के बजाय उन्हें धरातल पर उतारने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने जग्गी बांगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत परिसर निदेशक डॉ. एम.सी. लोहनी ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर की। उन्होंने कहा कि गांधी का अहिंसा और स्वच्छता का संदेश तथा शास्त्री की सादगी और ‘जय जवान, जय किसान’ का संकल्प आज भी युवाओं के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से इन विचारों को अपने व्यवहार और कार्यों में उतारने का आह्वान किया।
इसके बाद विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई और एनसीसी कैडेट्स जग्गी बांगर पहुंचे। यहां स्वयंसेवकों ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर श्रमदान कर कचरे की सफाई की। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर निस्तारित किया गया और स्थानीय लोगों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
गांधी जयंती के मौके पर चलाए गए इस अभियान में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। महापुरुषों को याद करने के साथ उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही ऐसी जयंती का वास्तविक उद्देश्य है।

उत्तराखंड