खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर, 121 छात्र-छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण!
अल्मोड़ा। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा की टीम ने 8 अक्टूबर को अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में 121 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी।
शिविर में चिकित्सा टीम के डॉ. नीरज सुयाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. तनुजा नगरकोटी, महिला चिकित्सा अधिकारी पूजा भाकुनी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी विपिन चंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी योगेश भट्ट, फार्मासिस्ट दीपक दत्ता तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट/नेत्र परीक्षक ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालयों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच करने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक सुदर्शन लाल साह, सहायक प्रबंधक ब्रज मोहन, प्रधानाचार्य संजय पाण्डे और मनोनीत सदस्य प्रबंध समिति आशीष जोशी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

उत्तराखंड