खबरें शेयर करें -

पूछड़ी में गरजा बुलडोजर, 81 निर्माण जमींदोज, 5 हेक्टेयर वन भूमि कब्जामुक्त!

30 से अधिक जेसीबी से चला ध्वस्तीकरण अभियान, सुरक्षा में तैनात रहे एक हजार से अधिक जवान और अधिकारी!

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पूछड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर गरजा। शनिवार को अभियान के दूसरे चरण में मस्जिद मोहल्ला और मुल्ला पट्टी क्षेत्र के 81 चिह्नित निर्माणों को ध्वस्त कर करीब चार से पांच हेक्टेयर वन भूमि कब्जामुक्त कराई गई।

कार्रवाई के लिए प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम तड़के चार बजे ही मौके पर पहुंच गई थी। प्रभावित लोगों को शाम पांच बजे तक सामान हटाने का समय दिया गया। इसके बाद शाम छह बजे से 30 से अधिक जेसीबी मशीनों के साथ ध्वस्तीकरण शुरू हुआ, जो देर तक जारी रहा।

डीएफओ पुनीत तोमर के मुताबिक, शुरुआत में 83 निर्माण चिह्नित किए गए थे। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त मामलों और कानूनी प्रक्रिया के अधूरे मामलों को हटाकर 81 निर्माणों पर कार्रवाई की गई। इससे पहले अभियान के पहले चरण में 51 निर्माण हटाए जा चुके हैं।

कार्रवाई के दौरान करीब 800 पुलिसकर्मियों सहित एक हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे। तीन कंपनी पीएसी, ड्रोन निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच पूरे क्षेत्र को सात जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया था।

स्टांप पेपर पर जमीन बेचकर लोगों को बसाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर डीएफओ ने बताया कि यह मामला जिला स्तर पर जांच के अधीन है और एसआईटी गठित की गई है। वन विभाग अब कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर पौधरोपण कराएगा।

उत्तराखंड