खबरें शेयर करें -

24 घंटे में खुला हल्द्वानी की बड़ी चोरी का राज, इलेक्ट्रीशियन निकला शातिर चोर!

5 तोला सोना और 2.30 लाख रुपये बरामद, जेवरात के बदले नकदी लेने वाले व्यक्ति की भूमिका भी जांच के घेरे में!

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी।

हल्द्वानी में घरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करने वाली चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक पेशे से इलेक्ट्रीशियन है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 5 तोला सोने के जेवरात और 2 लाख 30 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 नवंबर को हल्द्वानी निवासी अतुल नागपाल ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 400/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी हल्द्वानी और सीओ लव शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एसएचओ रोहतास सागर और चौकी प्रभारी कृपाल सिंह समेत टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध तक पहुंचने का रास्ता तैयार किया। पुलिस की तफ्तीश आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई।

पुलिस ने चोरी के आरोप में आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर 18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए कुछ सोने के जेवरात एक व्यक्ति को देकर उसके बदले 2 लाख 30 हजार रुपये नकद हासिल किए थे।

जेवरात लेने वाला व्यक्ति भी जांच के दायरे में!

इस मामले में अब एक नया पहलू भी सामने आया है। चोरी के जेवरात के बदले आरोपी को नकदी देने वाले व्यक्ति की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। आखिर उसे जेवरात कहां से मिले और उसने बिना किसी संदेह के इतनी बड़ी रकम क्यों दी, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस आरोपी को पीसीआर पर लेकर पूछताछ के जरिए चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने की तैयारी में है।

एसएसपी ने त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए पूरी टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

24 घंटे में खुलासा, लेकिन जांच अभी बाकी! पुलिस ने भले ही चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर बरामदगी कर ली हो, लेकिन चोरी के जेवरात के बदले रकम देने वाले व्यक्ति की भूमिका और इस पूरे घटनाक्रम की अन्य कड़ियां अब जांच का विषय हैं।

उत्तराखंड