खबरें शेयर करें -

रामनगर में 12 नवंबर से सजेगा मुक्केबाजी का महासंग्राम, प्रदेशभर के युवा और सीनियर बॉक्सर दिखाएंगे दमखम!

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजों की होगी भागीदारी, 15 नवंबर तक चलेंगी राज्य स्तरीय बालक-बालिका एवं महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं!

रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रामनगर में मुक्केबाजी का रोमांच देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय हल्द्वानी (नैनीताल) और उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से 12 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

रामनगर के पैंठ पड़ाव स्थित प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति परिसर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके मुक्केबाज भी रिंग में उतरेंगे।

प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य यूथ बालक एवं बालिका वर्ग के साथ एलीट (सीनियर) महिला वर्ग की मुक्केबाजी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। चार दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, तकनीक, दमखम और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी। इसका उद्देश्य प्रदेश में मुक्केबाजी खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है।

प्रतियोगिता के आयोजक सचिव देवेंद्र चंद्र भट्ट, सेवानिवृत्त जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रशिक्षक ने खेलप्रेमियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

रामनगर में होने जा रहा यह आयोजन न केवल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर बनेगा, बल्कि उत्तराखंड में मुक्केबाजी के भविष्य को नई दिशा देने की उम्मीद भी जगाएगा।

प्रतियोगिता का कार्यक्रम

– तिथि: 12 से 15 नवंबर 2026

– स्थान: प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति परिसर, पैंठ पड़ाव, रामनगर

– समय: प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक

– आयोजन: जिला खेल कार्यालय हल्द्वानी एवं उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सहयोग से

दर्पण न्यूज 24/7 | उत्तराखंड

उत्तराखंड