सांसद जी! उत्तराखंड केवल सरकारी स्टॉलों और उपलब्धियों की प्रदर्शनी नहीं… राज्य बनाने वालों के सम्मान का भी सवाल है! नैनीताल में स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों का फूटा गुस्सा, खुद संभालना पड़ा माइक!
डॉ. नारायण सिंह जंतवाल के निधन के महज तीन दिन बाद आयोजित था समारोह, आंदोलनकारी ढाई घंटे तक करते रहे इंतजार; सांसद अजय भट्ट पहुंचे तो मंच से पहले हुआ स्टॉल निरीक्षण और मीडिया वार्ता, नाराज आंदोलनकारियों ने किया बहिष्कार!
नैनीताल। सांसद अजय भट्ट जी! डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन हुए महज तीन दिन हुए थे। वह केवल पूर्व विधायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के उन प्रमुख चेहरों में शामिल थे, जिन्होंने पृथक राज्य के संघर्ष में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी स्व. लक्ष्मी नारायण लोहनी का निधन भी कुछ दिन पहले हुआ था।
ऐसे संवेदनशील समय में राज्य आंदोलनकारियों की अपेक्षा किसी भव्य आयोजन, लंबे राजनीतिक भाषण या सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन की नहीं थी। उनकी इच्छा बस इतनी थी कि स्थापना दिवस समारोह सादगी से हो और राज्य निर्माण के संघर्ष में अपना जीवन खपा देने वाले इन दिवंगत साथियों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।
लेकिन नैनीताल के फ्लैट मैदान में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह की तस्वीर कुछ अलग ही कहानी बयां कर गई। आंदोलनकारी तेज धूप में अतिथियों का इंतजार करते रहे, जबकि मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट के पहुंचने के बाद भी पहले सरकारी विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण और फिर मीडिया वार्ता का सिलसिला चला तो आखिरकार आंदोलनकारियों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने खुद मंच पर पहुंचकर माइक संभाला और समारोह के बहिष्कार का ऐलान कर दिया।
ढाई घंटे इंतजार, लेकिन प्राथमिकता में पहले स्टॉल!
नैनीताल में राज्य स्थापना दिवस का समारोह सुबह 10 बजे से शुरू होना था। राज्य आंदोलनकारी सुबह 10 से 11 बजे के बीच ही फ्लैट मैदान में पहुंच गए थे। उनकी मंशा स्पष्ट थी कि दिवंगत पूर्व विधायक डॉ. जंतवाल और वरिष्ठ आंदोलनकारी लक्ष्मी नारायण लोहनी को श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम सादगी से संपन्न किया जाए।
लेकिन मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और विधायक सरिता आर्य के पहुंचने में काफी विलंब हुआ। आंदोलनकारी करीब दो से ढाई घंटे तक इंतजार करते रहे। नवंबर की चटक धूप में मैदान में बैठे लोगों के चेहरे तपते रहे और कार्यक्रम शुरू होने की प्रतीक्षा लंबी होती चली गई।
फिर सांसद अजय भट्ट समारोह स्थल पहुंचे। उम्मीद थी कि अब सीधे मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम शुरू होगा और दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। लेकिन यहां भी सरकारी कार्यक्रम की अपनी प्राथमिकताएं नजर आईं। सांसद को मंच पर ले जाने से पहले प्रशासन की ओर से विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कराया गया। इसके बाद मीडिया से बातचीत हुई।
सवाल यह है कि जिस दिन राज्य निर्माण के संघर्ष को याद किया जाना था, उस दिन क्या विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण और मीडिया वार्ता दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देने से ज्यादा जरूरी थी?
जब व्यवस्था से उम्मीद टूटी तो आंदोलनकारियों ने खुद संभाला माइक!
लंबे इंतजार और घटनाक्रम से नाराज राज्य आंदोलनकारियों ने आखिरकार समारोह का बहिष्कार करने का फैसला लिया। ‘स्व. डॉ. नारायण सिंह जंतवाल अमर रहें’ के नारों से समारोह स्थल गूंज उठा।
कुछ आंदोलनकारी मंच पर पहुंचे और खुद माइक संभाल लिया। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे दो से ढाई घंटे से अतिथियों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने इसे गैर जिम्मेदाराना व्यवहार बताया और मौजूद लोगों से दो मिनट का मौन रखकर डॉ. जंतवाल और स्व. लक्ष्मी नारायण लोहनी को श्रद्धांजलि देने की अपील की।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित अन्य अतिथि भी शामिल हुए। इसके बाद अधिकांश राज्य आंदोलनकारी मंच से बाहर चले गए।
विडंबना देखिए, जिस मंच पर राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को सम्मानित किया जाना था, वहां श्रद्धांजलि का कार्यक्रम कराने के लिए आंदोलनकारियों को खुद आगे आकर माइक संभालना पड़ा।
आंदोलनकारियों के जाने के बाद सांसद ने कर दी समारोह समाप्ति की घोषणा!
घटनाक्रम ने उस समय एक और मोड़ ले लिया, जब सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धांजलि के तुरंत बाद समारोह के समापन की घोषणा कर दी। अपने संक्षिप्त वक्तव्य में उन्होंने देर से पहुंचने के कारण बताए और विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण को प्रशासन की ओर से कराई गई व्यवस्था बताया।
हालांकि सांसद की ओर से देरी के कारणों का स्पष्टीकरण दिया गया, लेकिन आंदोलनकारियों की नाराजगी का मूल सवाल अपनी जगह कायम रहा। आखिर राज्य निर्माण के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों के सम्मान और भावनाओं को समारोह की प्राथमिकता क्यों नहीं बनाया गया?
भाषणों में आंदोलनकारियों का सम्मान, हकीकत में इंतजार!
उत्तराखंड को बने 26 वर्ष हो चुके हैं। हर साल स्थापना दिवस पर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद किया जाता है। मंचों से उनके योगदान की चर्चा होती है, राजनीतिक नेता राज्य निर्माण की गौरवगाथा सुनाते हैं और सरकारी उपलब्धियों का बखान किया जाता है।
लेकिन नैनीताल के इस घटनाक्रम ने एक असहज सवाल खड़ा कर दिया है। क्या आंदोलनकारियों का सम्मान केवल भाषणों और सरकारी समारोहों तक सीमित रह गया है?
डॉ. जंतवाल के निधन को महज तीन दिन हुए थे। ऐसे समय में आंदोलनकारियों की भावनाओं को समझना और कार्यक्रम को उनकी अपेक्षा के अनुरूप सादगी से आयोजित करना क्या इतनी बड़ी चुनौती थी?
कटाक्ष यह है कि सरकारी स्टॉलों पर उत्तराखंड की उपलब्धियां प्रदर्शित करने की तैयारी पूरी थी, लेकिन उत्तराखंड बनाने वालों की भावनाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी शायद अधूरी रह गई!
समारोह में ये रहे मौजूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं हुए!
समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, भावना मेहरा, जिलाधिकारी, एसएसपी, अपर जिलाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट, नवीन पांडे और मीनाक्षी कीर्ति ने किया।
डॉ. जंतवाल के निधन के शोक में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित नहीं किए गए। समारोह में आम जनता की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही। राज्य आंदोलनकारियों के अलावा कुछ स्कूली बच्चे, शिक्षक और सरकारी अधिकारी-कर्मचारी ही प्रमुख रूप से मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
सांसद अजय भट्ट के सामने बड़ा सवाल!
सांसद अजय भट्ट उत्तराखंड की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। ऐसे में नैनीताल के स्थापना दिवस समारोह में सामने आया यह घटनाक्रम केवल एक कार्यक्रम के देर से शुरू होने का मामला नहीं है। यह राजनीतिक नेतृत्व और सरकारी आयोजनों की संवेदनशीलता से जुड़ा सवाल है।
आखिर जिन आंदोलनकारियों के संघर्ष के कारण आज जनप्रतिनिधि उत्तराखंड की सत्ता और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, क्या उनके सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं मिलनी चाहिए?
राज्य की उपलब्धियां गिनाना जरूरी है, सरकारी योजनाओं का प्रचार भी जरूरी है, लेकिन उन लोगों को सम्मान देना उससे कम जरूरी नहीं, जिनके संघर्ष से उत्तराखंड का अस्तित्व बना।
कड़वा सवाल यही है—उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राज्य बनाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए भी अगर आंदोलनकारियों को खुद मंच संभालना पड़े, तो फिर मंच से होने वाले सम्मान और भाषणों का वास्तविक अर्थ क्या रह जाता है?
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल

