खबरें शेयर करें -

 85 करोड़ का आधुनिक दुग्ध प्लांट बनेगा किसानों की ताकत!
औचक निरीक्षण में गुणवत्ता व स्वच्छता व्यवस्था देख संतुष्ट हुए डेरी विकास निदेशक!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं में निर्माणाधीन 85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का गुरुवार को डेरी विकास विभाग के निदेशक अशोक कुमार जोशी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को प्लांट का निर्माण निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री की बारीकी से जांच की तथा मशीनरी स्थापना, तकनीकी तैयारियों और डेरी संचालन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। प्लांट शुरू होने के बाद दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे सीधे तौर पर किसानों की आय में इजाफा होगा।
निरीक्षण के दौरान दुग्ध शाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण एवं आधुनिक पैकेजिंग व्यवस्था को देखकर निदेशक ने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित उत्पाद पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि प्लांट की उपयोगिता को देखते हुए आधुनिक मशीनरी की स्थापना शीघ्र पूरी कर संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे दुग्ध उत्पादकों को अधिकतम लाभ मिल सके।
इस मौके पर उपनिदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबंधक यूसीडीएफ आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह दुग्ध प्लांट क्षेत्र में दुग्ध क्रांति की नई इबारत लिखने की तैयारी में है।