








होली से पहले नशे पर सियासी वार: “देवभूमि को नशे का अड्डा नहीं बनने देंगे” — नितिन पंत
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं
होली पर्व से ठीक पहले लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता नितिन पंत ने क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर तीखा हमला बोलते हुए साफ कहा कि “देवभूमि को किसी भी कीमत पर नशे का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।”
नितिन पंत ने आरोप लगाया कि लालकुआं क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
पंत ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ केवल अभियान नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है।
“यह देवभूमि है, यहां का कंकर-कंकर शंकर है। ऐसी पवित्र भूमि पर नशे का जाल फैलना बेहद चिंताजनक और अपमानजनक है।”
क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए नितिन पंत ने अपील की कि रंगों के इस पर्व को नशामुक्त और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं और अभिभावकों से आगे आकर नशा मुक्त लालकुआं अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
