खबरें शेयर करें -

अंकिता भंडारी हत्याकांड में सच्चाई दबाने का आरोप: देहरादून में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, BJP सरकार का पुतला फूंका।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो
देहरादून।

बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। देहरादून में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका और आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के दबाव में इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े तथ्यों को दबाया जा रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने किया। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि राजनीतिक संरक्षण में सच्चाई को दफन करने की सुनियोजित कोशिश है। गोगी ने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े अहम सबूतों को नष्ट किया गया और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गोगी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की लड़ाई “सड़कों से लेकर विधानसभा तक”लड़ती रहेगी और अंकिता को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
उन्होंने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला सनावर के बयानों और पूर्व भाजपा जिला पंचायत सदस्य आरती गौर के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि अब इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गोगी का आरोप है कि भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक (DGP) ने चुप्पी साध रखी है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह बार-बार “VIP रूम” का जिक्र कर रही है, लेकिन कथित VIP की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही, जिससे मामले को उलझाने की कोशिश हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सच्चाई सामने नहीं लाई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उत्तराखंड