नैनीताल में पार्किंग के नाम पर मनमानी करने वालों पर प्रशासन का डंडा, 85 वाहनों के चालान!
सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर जाम लगाने वालों की अब खैर नहीं, तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक चला संयुक्त अभियान!
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में सड़क को अपनी निजी पार्किंग समझकर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों पर मंगलवार को प्रशासन का डंडा चला। राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर महज एक कार्रवाई में 85 वाहनों के चालान कर दिए।
तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक चले इस अभियान ने उन वाहन चालकों को साफ संदेश दे दिया है, जो सड़क किनारे कहीं भी गाड़ी खड़ी कर दूसरों के लिए परेशानी खड़ी करते हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि पर्यटकों को जाम से राहत दिलाना और स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान बनाना प्राथमिकता है। लेकिन सवाल यह भी है कि क्या 85 चालान करने के बाद नैनीताल की सड़कों पर पार्किंग की समस्या वास्तव में खत्म हो पाएगी?
सरोवर नगरी में पर्यटन सीजन के दौरान जाम कोई नई समस्या नहीं है। सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, सीमित पार्किंग स्थल और यातायात दबाव के बीच हर साल पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में केवल चालान की कार्रवाई ही नहीं, बल्कि स्थायी पार्किंग व्यवस्था और नियमित निगरानी भी जरूरी है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहता है या 85 चालानों के बाद फिर सड़कों पर वही पुराना पार्किंग का खेल शुरू हो जाता है।

