नैनीताल जिले के मतदान केंद्रों में होगा बदलाव, निर्वाचन आयोग ने दी मंजूरी!
छह विधानसभा क्षेत्रों के 1068 मतदेय स्थलों की समीक्षा के बाद भवनों और नामों में संशोधन, कालाढूंगी में सबसे अधिक प्रस्ताव स्वीकृत!
नैनीताल। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने नैनीताल जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों से संबंधित संशोधन प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके तहत विद्यालयों के उच्चीकरण, विद्यालय बंद होने, मतदान केंद्रों के भवन जर्जर होने तथा भवनों के नाम में परिवर्तन के चलते कई मतदेय स्थलों के नाम और भवनों में संशोधन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से नौ नवंबर को जारी प्रेस नोट में इसकी जानकारी दी गई है।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1068 मतदेय स्थल हैं। इनमें 56-लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में 159, 57-भीमताल में 163, 58-नैनीताल (अनुसूचित जाति) में 170, 59-हल्द्वानी में 188, 60-कालाढूंगी में 232 तथा 61-रामनगर में 156 मतदेय स्थल शामिल हैं।
जारी विवरण के अनुसार कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक संशोधन प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। यहां विद्यालयों के उच्चीकरण अथवा भवन परिवर्तन के फलस्वरूप पांच मतदेय स्थलों के नाम में बदलाव, जर्जर भवनों के स्थान पर अन्य उपयुक्त सरकारी भवनों में स्थानांतरण के पांच तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए दो नए अनुभाग बनाने के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं।
रामनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों के भवनों के नाम में परिवर्तन से संबंधित दो तथा भवनों के नाम में संशोधन के छह प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विद्यालय बंद होने के कारण दो मतदेय स्थलों को अन्य भवनों में स्थानांतरित करने तथा एक मतदेय स्थल के नाम में संशोधन का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है।
हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में विद्यालय बंद होने के कारण तीन मतदेय स्थलों को अन्य भवनों में स्थानांतरित करने तथा पांच मतदेय स्थलों के नाम में संशोधन के प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में एक मतदेय स्थल के नाम में परिवर्तन का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। वहीं नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में जारी विवरण के अनुसार किसी संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है।
निर्वाचन आयोग के समक्ष मतदाताओं को दो किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी तय करने की समस्या से राहत देने, किसी मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या 1150 से अधिक होने पर उसी मतदान क्षेत्र में नया मतदेय स्थल बनाने तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए नजदीकी मतदान केंद्रों में स्थानांतरण जैसे प्रस्ताव भी रखे गए थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार आयोग से स्वीकृति प्राप्त मतदेय स्थलों की विस्तृत सूची जिला निर्वाचन कार्यालय नैनीताल के डीईओ पोर्टल पर आम जनता की जानकारी के लिए उपलब्ध करा दी गई है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूची प्रेषित की गई है। मतदाता अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र से संबंधित संशोधन और बदलाव की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट https://nainital.nic.in/deo-portal पर देख सकते हैं।

