बाल तंत्रिका विज्ञान में डॉ. ऋतु रखोलिया ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय फैलोशिप!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी । क्षेत्र की युवा चिकित्सक वर्तमान में सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी में तैनात डॉ. ऋतु रखोलिया ने बाल तंत्रिका विज्ञान एवं विकास (पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी एंड डेवलपमेंट) के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फैलोशिप प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 12 माह का दूरस्थ शिक्षा आधारित फैलोशिप कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
यह कार्यक्रम इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट सॉल्यूशंस द्वारा आयोजित किया गया था, जिसे इंटरनेशनल एक्रीडिटेशन ऑर्गेनाइजेशन (आईएओ) की मान्यता प्राप्त है। कार्यक्रम को स्टेटपल्स (यूएसए) और लर्न ईएम (ऑस्ट्रेलिया) का भी संयुक्त समर्थन प्राप्त था।
फैलोशिप के दौरान डॉ. रखोलिया ने बच्चों में होने वाले तंत्रिका संबंधी विकारों, न्यूरो-डेवलपमेंटल समस्याओं, उनके निदान, उपचार और प्रबंधन से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल उनकी पेशेवर दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के बच्चों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
डॉ. ऋतु रखोलिया की इस उपलब्धि पर चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और सशक्त करेगी।
