खबरें शेयर करें -

पुलिस को महीनों से दे रहा था चुनौती, आखिर चौकी प्रभारी  ने बिछाया ऐसा जाल कि सीधे पहुंच गया सलाखों के पीछे!

दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं

काफी समय से फरार चल रहा एक वारंटी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। बार-बार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहे इस आरोपी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं, लेकिन आखिरकार नैनीताल पुलिस के ऑपरेशन प्रहार ने उसका खेल खत्म कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने अपनी टीम के साथ सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार वारंटी अरविंद थापा को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी समय से पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और सक्रियता के आगे उसकी एक नहीं चली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वारंटी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने ऐसा घेरा बनाया कि आरोपी के पास बच निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं पुलिस ने साफ किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

उत्तराखंड