








दर्पण न्यूज 24/7 | खेल डेस्क
राष्ट्रीय मुए-थाई चैंपियनशिप में अल्मोड़ा का परचम, दो खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक!
अल्मोड़ा।
यूनाइटेड मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में 22 से 25 जनवरी तक हैदराबाद में आयोजित “सातवीं राष्ट्रीय सीनियर मुए-थाई चैंपियनशिप–2026” में अल्मोड़ा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। उत्तराखंड राज्य टीम से खेलते हुए अल्मोड़ा के दो खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के सचिव नीलेश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि अल्मोड़ा नगर की होनहार खिलाड़ी हिमानी मेर एवं हवालबाग ब्लॉक के ग्राम चौना निवासी, 6 कुमाऊँ रेजिमेंट के अग्निवीर अनिल बोरा ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर राज्य व जिले का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से 800 से अधिक चयनित मुए-थाई खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड राज्य ने इस चैंपियनशिप में कुल 4 पदक अपने नाम किए, जिनमें से 2 पदक अकेले अल्मोड़ा के खिलाड़ियों द्वारा जीतना जिले के लिए गौरव की बात है।
गौरतलब है कि मुए-थाई खेल के इतिहास में पहली बार “राष्ट्रीय यूथ मुए-थाई चैंपियनशिप–2026” की मेजबानी जून माह में उत्तराखंड राज्य को मिली है, जो प्रदेश के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे अल्मोड़ा के सीनियर खिलाड़ी यशपाल भट्ट एवं आदित्य कटवाल ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। कोच यशपाल भट्ट स्वयं पूर्व में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक विजेता रह चुके हैं।
अल्मोड़ा के खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, विधायक मनोज तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्य, प्रदेश अध्यक्ष मुए-थाई उत्तराखंड सतीश जोशी, जिला ओलंपिक संघ के सचिव जी.एस. खोलिया, मयंक गहतोड़ी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों व खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
