

मोबाइल में युवतियों की फोटो मिलने के मामले में वैज्ञानिक जांच की मांग!
बजरंग दल ने एसएसपी को भेजा ज्ञापन, साइबर सेल और फॉरेंसिक जांच कराने की उठाई मांग!
अल्मोड़ा। युवतियों की फोटो, स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य डिजिटल सामग्री से जुड़े मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग को लेकर बजरंग दल अल्मोड़ा ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजा।
संगठन ने मांग की कि संबंधित मोबाइल फोन की जांच साइबर सेल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के माध्यम से कराई जाए, ताकि डिजिटल सामग्री की वास्तविकता और उसके स्रोत का तथ्यात्मक रूप से पता लगाया जा सके। ज्ञापन में मोबाइल में मौजूद फोटो, स्क्रीनशॉट, चैट, सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल रिकॉर्ड तथा अन्य डिजिटल सामग्री की विधि-सम्मत तरीके से जांच किए जाने की मांग की गई है।
बजरंग दल ने पुलिस से यह भी पता लगाने की मांग की है कि संबंधित डिजिटल सामग्री कहां से प्राप्त हुई, किन लोगों के साथ साझा की गई और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया। संगठन का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी युवती को ब्लैकमेल करने, धमकी देने, दबाव बनाने या किसी अन्य तरीके से प्रताड़ित किए जाने के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में किसी अन्य व्यक्ति अथवा संगठित नेटवर्क की संलिप्तता सामने आने पर उसकी भी निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की गई है।
पहचान सार्वजनिक न करने की मांग!
बजरंग दल ने जांच में जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर किसी प्रकार का पूर्वाग्रह नहीं रखने की मांग करते हुए संबंधित युवतियों की पहचान और निजता की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। संगठन ने कहा कि डिजिटल सामग्री से जुड़े ऐसे मामलों में जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए तथा किसी भी पीड़ित की पहचान सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांत गौरक्षा प्रमुख एवं अधिवक्ता विजय सिंह सिराड़ी, जिला सह संयोजक वैभव जोशी, पूर्व जिला संयोजक संजय भट्ट, जिला गौरक्षा प्रमुख मुन्ना बिष्ट, पार्षद जगमोहन बिष्ट, छात्र संघ उपाध्यक्ष भास्कर जोशी, इंदर गोस्वामी, गौरव सनवाल, विजय कुमार, गौरव भट्ट, प्रियांशु डालाकोटी, पवन नैनवाल, सुशील पांडे, वीरेंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।
दर्पण न्यूज 24/7 | अल्मोड़ा
