








सुशासन दिवस पर नैनीताल दुग्ध संघ की बड़ी उपलब्धि
₹12.67 करोड़ की दूध खरीद, 10.8% शुद्ध लाभ; दुग्ध उत्पादकों को बोनस-पुरस्कार की सौगात।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
लालकुआँ।
सुशासन दिवस एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष (अटल स्मृति वर्ष) के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ द्वारा भीमताल में भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर वर्ष 2024–25 के दुग्ध संकलन एवं वितरण कार्य की वार्षिक समीक्षा बैठक के साथ बोनस व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह बोरा ने की। शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अध्यक्ष बोरा ने अटल जी के सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत आज भी सहकारिता और जनकल्याण की दिशा तय कर रहे हैं।
दुग्ध उत्पादक ही सहकारिता की असली ताकत : मुकेश बोरा
संघ अध्यक्ष ने कहा कि दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की मूल शक्ति हैं। उनके परिश्रम, विश्वास और सहयोग से ही नैनीताल दुग्ध संघ निरंतर प्रगति कर रहा है। समय पर भुगतान, पारदर्शी व्यवस्था और गुणवत्ता आधारित प्रोत्साहन संघ की प्राथमिकता है। बोनस व पुरस्कार वितरण इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
वर्ष 2024–25 का लेखा-जोखा
संघ प्रबंधन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024–25 में कुल 2,72,238 लीटर दूध का लेन-देन हुआ। इस दौरान विभिन्न दुग्ध समितियों से ₹12.67 करोड़ की दूध खरीद की गई। संघ को ₹14.18 लाख का कुल लाभ तथा ₹9.13 लाख का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ, जो 10.8 प्रतिशत रहा।
सबसे अधिक योगदान चॉफी समिति का रहा। प्रति लीटर औसत लाभ लगभग ₹18 दर्ज किया गया। वहीं वर्ष भर में विभिन्न समितियों के माध्यम से ₹1.08 करोड़ से अधिक मूल्य का दुग्ध संकलन हुआ। कुल व्यय ₹50.44 लाख रहा। नयना समिति ने सर्वाधिक दुग्ध संकलन दर्ज किया, जबकि धूम, ताड़ा, सूरी, चॉफी और मिरुवा समितियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
बोनस-पुरस्कार से बढ़ा उत्साह
कार्यक्रम में नयना, धूम, ताड़ा, सूरी, चॉफी और मिरुवा समेत छह दुग्ध समितियों ने भाग लिया।
प्रमुख पुरस्कार इस प्रकार रहे—
नयना दुग्ध समिति : ₹2,03,833.96 पुरस्कार, ₹94,401.52 बोनस
ताड़ा दुग्ध समिति : ₹2,03,633.33 पुरस्कार, ₹94,314.41 बोनस
सूरी दुग्ध समिति : ₹1,87,844.20 पुरस्कार, ₹8,701.03 बोनस
अन्य दुग्ध उत्पादक सदस्यों को भी उत्पादन के अनुसार बोनस प्रदान किया गया।
व्यापक सहभागिता
संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में विपणन एवं उपार्जन अधिकारियों द्वारा गांव-गांव भ्रमण कर दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पी.एंड.आई. सुभाष बाबू ने किया। समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पशु चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, दुग्ध समिति पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
