खबरें शेयर करें -

चुनावी रण में कांग्रेस का ‘मिशन बूथ’, प्रभारियों को फुल पावर—जनवरी तक संगठन खड़ा करने का अल्टीमेटम।


दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
नैनीताल। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अब सीधे चुनावी मोड में प्रवेश कर लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने की रणनीति के तहत संगठन को बूथ स्तर तक दुरुस्त करने का बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में सभी विधानसभा प्रभारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के निर्देश पर पार्टी नेतृत्व ने साफ संदेश दिया है कि अब संगठन में ढिलाई नहीं, सिर्फ जिम्मेदारी और परिणाम स्वीकार होंगे। प्रत्येक प्रभारी को अपने विधानसभा क्षेत्र में जिला, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों के साथ मिलकर बूथ से लेकर मोहल्ले तक मजबूत कमेटियों का गठन करना अनिवार्य होगा।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि बूथ कमेटी, बाजार कमेटी, न्याय पंचायत कमेटी, वार्ड और मोहल्ला कमेटियां 20 दिसंबर 2025 से बननी शुरू होंगी और जनवरी 2026 के अंत तक हर हाल में पूरी की जाएंगी। सभी सूचियां सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएंगी, जिससे संगठन की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग की जा सके।
पार्टी नेतृत्व ने प्रभारियों को बीएलए-1 के साथ मिलकर बीएलए-2 तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए साफ कर दिया है कि मतदान प्रबंधन में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरवरी के पहले सप्ताह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से चुनावी रणनीति को और धार देने वाले दिशा-निर्देश जारी होंगे।
कांग्रेस का दावा है कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर जनता में भारी नाराजगी है, जिसे संगठनात्मक मजबूती के जरिए निर्णायक जनादेश में बदला जाएगा।
मीडिया को उक्त जानकारी नैनीताल कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं कालाढूंगी विधानसभा के नव नियुक्त प्रभारी उमेश कबड़वाल ने दी।

उत्तराखंड