








हल्द्वानी में आबकारी का बड़ा एक्शन: ताबड़तोड़ छापों में अवैध शराब का जखीरा पकड़ा।
दर्पण न्यूज 24 /7 हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देशों के बाद आबकारी विभाग एक्शन मोड में नजर आया। गुरुवार को हल्द्वानी बाजार क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर विभाग ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
आबकारी टीम ने कुल्यालपुर और नवाबी रोड स्थित दुकान में दबिश देकर सुनील कुमार और लालडांट रोड से हेमा देवी के कब्जे से 112 टेट्रा पैक बरामद किए। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर कुसुमखेड़ा में छापा मारकर राजेन्द्र सिंह पुत्र पान सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से देशी और विदेशी शराब के 28 अध्धे बरामद हुए।
यही नहीं, गौला गेट, गौरापड़ाव और चोरगलिया क्षेत्र में भी टीम ने दबिश देकर 174 पाउच कच्ची शराब बरामद की। हालांकि इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके चलते अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में इस धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा। अभियान में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही।
