‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा वार: 91 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर दबोचा।
दो एनडीपीएस मामलों में पहले से वांछित था आरोपी, कुमाऊं एसओटीएफ और लालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
किच्छा। “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कुमाऊं पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमाऊं और कोतवाली किच्छा की लालपुर चौकी पुलिस ने सोमवार देर शाम गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने मलकीत सिंह (38) पुत्र सोहन सिंह निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 91.16 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी का पुराना खिलाड़ी है। उसके खिलाफ कोतवाली किच्छा में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 तथा 183/2026 पहले से दर्ज हैं, जिनमें वह धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित चल रहा था।
इस कार्रवाई में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमाऊं की टीम के साथ लालपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद और कांस्टेबल त्रिलोक सिंह शामिल रहे।
कुमाऊं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
