बिग ब्रेकिंग
नैनीताल पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का किया पर्दाफाश, करोड़ों की ठगी का खुलासा

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध की दुनिया में हड़कंप मचा देने वाली कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह फर्जी लिंक और APK फ़ाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करता था और बैंकिंग जानकारी चुराकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस की जांच में 3 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध वित्तीय लेनदेन सामने आया है। कार्रवाई के दौरान गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। यह गिरोह कई राज्यों की पुलिस को लंबे समय से वांछित था।
छापेमारी में पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, कई बैंक चेकबुक और 9 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को लालच भरे लिंक भेजते थे, जिन्हें खोलने या APK फ़ाइल इंस्टॉल करने पर पीड़ितों का पूरा डेटा, पासवर्ड और बैंक विवरण उनके कब्जे में आ जाता था।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या एप्लिकेशन पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें।
नैनीताल पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से गिरोह के अन्य नेटवर्क को भी खंगाल रही है।
