खबरें शेयर करें -

दूध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी: नैनीताल दुग्ध संघ ने बढ़ाया दूध का मूल्य, 15 अप्रैल से मिलेंगे 2 रुपये अधिक!
लालकुआं | दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ से जुड़े हजारों दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। संघ के वर्तमान बोर्ड के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दूध उत्पादकों को बड़ा तोहफा देते हुए दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित एक भव्य संगोष्ठी में की गई, जिसमें जनपद की 700 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादकों के योगदान की सराहना करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य जिले के दूध उत्पादकों का आर्थिक और सामाजिक विकास करना है।
उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल से बढ़ा हुआ मूल्य लागू किया जाएगा, जिससे जिले के हजारों दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ हमेशा से दुग्ध उत्पादकों के साथ खड़ा रहा है और उनके हितों की रक्षा करना ही संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद दुग्ध उत्पादकों, विशेषकर महिला समूहों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इस निर्णय का स्वागत किया।

उत्तराखंड