डग्गामारी पर रोडवेज कर्मचारियों का बिगुल, घाटे से जूझ रहे परिवहन निगम को बचाने की मांग!
26 मार्च तक कार्रवाई नहीं हुई तो संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के बाहर उग्र आंदोलन की चेतावनी!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी ।
हल्द्वानी में बढ़ती डग्गामारी और अवैध परिवहन संचालन के खिलाफ अब रोडवेज कर्मचारी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। लगातार बढ़ रहे घाटे और अवैध बसों-टैक्सियों के संचालन से परिवहन निगम को हो रहे नुकसान को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और पुलिस क्षेत्राधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए हल्द्वानी में अवैध परिवहन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई।
संयुक्त मोर्चा में शामिल संयुक्त परिषद, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, एम्पलाइज यूनियन, भारतीय मजदूर संघ और एससी-एसटी श्रमिक संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि हल्द्वानी बस अड्डे और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बसों, टैक्सियों और प्राइवेट वाहनों का अनियंत्रित संचालन खुलेआम चल रहा है। इससे एक ओर जहां रोडवेज को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था भी चरमरा रही है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कई अवैध अंतरराज्यीय बसें ऑनलाइन बुकिंग के जरिए शहर के अलग-अलग स्थानों से यात्रियों को बैठाकर संचालन कर रही हैं। इन पर न तो कोई प्रभावी निगरानी है और न ही कार्रवाई हो रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसी बसों के संचालन पर तुरंत रोक लगाई जाए।
संगठनों ने यह भी मांग उठाई कि शहर में टैक्सियों का संचालन केवल भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए और बस अड्डे के आसपास टैक्सियों के अवैध जमावड़े पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही बस अड्डे के सामने सड़क किनारे खड़े होकर यात्रियों को बैठाने वाले प्राइवेट वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
कर्मचारियों ने कहा कि रोडवेज पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में डग्गामारी पर रोक नहीं लगी तो निगम को और बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी और एसपी सिटी ने संगठन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि अवैध डग्गामारी और अनियमित परिवहन गतिविधियों के खिलाफ जल्द ही सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन को 26 मार्च 2026 तक का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक धरातल पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कुमाऊं क्षेत्र के सभी कर्मचारी संगठन संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के समक्ष उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस मौके पर आन सिंह जीना, मुकेश वर्मा, कौशल जोशी, राजीव भट्ट, मोहन बोरा, रमेश कपिल, जीवन आर्य, महेश दफौटी, कमल पपने, शंकर सिंह, जगदीश कांडपाल, आनंद बिष्ट, नवनीत कपिल, पूरन राम, जगमोहन, ललित पांडे, मनिंदर सिंह, जीवन चंद, तारा जोशी, प्रमोद बरगली, मोहसिन, मनोज मनराल, कार्तिक, नवीन बिष्ट, योगेश जोशी, बलराम सागर, रौतेला, प्रकाश संभल, सुमित कुमार, हेमंत गढ़िया, संजय, संतोष, नवीन इटनी, रचना बिष्ट, हेम, गुणवंत, मोहित कुमार, आनंद बल्लभ, राहुल रावत सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
