खबरें शेयर करें -

चंपावत में बोलेरो 200 मीटर खाई में गिरी, 5 की मौत, 5 घायल: SDRF ने कठिन रेस्क्यू कर निकाले शव।
दर्पण न्यूज 24*7।
चंपावत ।
जिले के बागधार के पास तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें बारात से लौट रही बोलेरो (UK04TB-2074) अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ जब वाहन बुसेल से थाना गंगोलीहाट क्षेत्र के बलाताड़ी की ओर वापस आ रहा था। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही चंपावत सीओ सीटी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम तेजी से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हुई। घटना स्थल दुर्गम और खड़ी ढलान वाले क्षेत्र में था, जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। SDRF टीम ने रोप सिस्टम और स्ट्रेचर की सहायता से खाई में उतरकर मृतकों के शवों को बाहर निकाला और उन्हें जिला पुलिस के सुपुर्द किया। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
मृतकों में दिबडिब्बा विलासपुर निवासी 40 वर्षीय प्रकाश चंद्र उनियाल, 35 वर्षीय केवल चंद्र उनियाल, पंतनगर निवासी 32 वर्षीय सुरेश नौटियाल, अल्मोड़ा के भिक्यासेन क्षेत्र के सियालदेह निवासी छह वर्षीय प्रियांशु चौबे तथा उसकी 28 वर्षीय माता भावना चौबे शामिल हैं। ये सभी बारात से लौटते समय वाहन में सवार थे।
घायल व्यक्तियों में सारघाट, अल्मोड़ा निवासी 38 वर्षीय देवीदत्त पांडे, 12 वर्षीय धीरज उनियाल, पिथौरागढ़ निवासी 14 वर्षीय राजेश जोशी, दिल्ली निवासी पांच वर्षीय चेतन चौबे और एक अन्य व्यक्ति भास्कर पांडा शामिल हैं, जिनके निवास संबंधी विवरण प्राप्त नहीं हो सके हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।
दुर्गम परिस्थितियों के बीच SDRF की तत्परता और साहसिक प्रयास के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। टीम ने गहरी खाई से सभी मृतकों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने भी राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड