खबरें शेयर करें -

लामाचौड़ में बुलडोजर एक्शन: जनदबाव के बाद प्रशासन हरकत में, अवैध अड्डे जमींदोज!

सालों से अवैध मादक पदार्थों का गढ़ बना हुआ था उक्त अड्डा ।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्द्वानी। लामाचौड़ क्षेत्र में वर्षों से संचालित अवैध शराब और स्मैक तस्करी के अड्डों पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जों को ध्वस्त कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, यहां सालों से अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार जड़ें जमा चुका था, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आबकारी महकमे में लंबे समय से एक ही जगह जमे बैठे जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ठोस पहल नहीं की। स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतों और साक्ष्यों के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी रही।
जनआंदोलन बना टर्निंग पॉइंट
मामला तब तूल पकड़ गया जब सनातन जागृति ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन पांडे के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना पांडे और स्थानीय लोगों ने पांच दिन तक लगातार धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।
बुलडोजर चला, अड्डे खत्म
शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध अड्डों को जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त घोषित किया गया है।
जनशक्ति की जीत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जो काम वर्षों से नहीं हो पाया, वह कुछ दिनों के आंदोलन के बाद संभव हो सका। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विपिन पांडे ने इसे जनशक्ति की जीत बताते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह आवाज उठाई जाती रहेगी।

उत्तराखंड