








हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेलों का उत्सव, दौड़ प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाया दम!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, नैनीताल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जिनमें प्रतिभागियों को अंडर–13 वर्ष, 13–18 वर्ष, 18 वर्ष से अधिक तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भाग लेने का अवसर दिया गया।
अंडर–13 वर्ष आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ में मोनिका प्रथम, जावित्री द्वितीय और प्रेमा तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में मोनिका ने प्रथम, जावित्री ने द्वितीय और हिमानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में मोनिका प्रथम, हरिशिता द्वितीय और जावित्री तृतीय रहीं।
13–18 वर्ष आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ में प्रियंका प्रथम, दीपिका द्वितीय और संजना तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में हरिशिता प्रथम, नमिता द्वितीय और बबीता तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर में नमिता प्रथम, संजना द्वितीय और नेहा तृतीय स्थान पर रहीं।
18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ में आरती प्रथम, उमा द्वितीय और प्रियंशी तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में आरती प्रथम, उमा द्वितीय और दीपिका तृतीय रहीं। वहीं 400 मीटर दौड़ में भी आरती ने प्रथम, उमा ने द्वितीय और प्रियंशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 मीटर दौड़ में रेखा प्रथम, गीता द्वितीय और रश्मि तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में रेखा प्रथम, पुष्पा द्वितीय और कविता लोहनी तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में रेखा प्रथम, मंजू राणा द्वितीय और गीता तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए एक विशेष फन ज़ुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ पारंपरिक सीमाओं को तोड़ते हुए पुरुष प्रधान क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। सरकार द्वारा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में कई नवाचारपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के साहस, उपलब्धियों और समान अवसरों के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में खेलो इंडिया की ओर से तनुजा आर्या, दुर्गेश परिहार, निलेश गुप्ता, महेश बिष्ट और राजेंद्र नेगी उपस्थित रहे। वहीं मेरा युवा भारत की ओर से प्रकाश बिष्ट और मदन मोहन मौजूद रहे। स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी से कोच श्याम भट्ट और त्रिलोक सिंह जीना सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में मेरा युवा भारत, नैनीताल की उप निदेशक डोल्वी तेवतिया ने सभी प्रतिभागी महिलाओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 का संदेश है कि महिलाओं को अवसर, सम्मान और सहयोग देने से पूरा समाज सशक्त बनता है और महिला सशक्तिकरण से ही समानता, प्रगति तथा विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम का संचालन श्याम भट्ट द्वारा किया गया।
