








लालकुआं की स्वच्छता व्यवस्था से प्रभावित हुईं कपकोट नगर पंचायत की अध्यक्ष !
वेस्ट टू वंडर पार्क, एमआरएफ सेंटर और डिजिटल लाइब्रेरी का किया निरीक्षण, बोलीं—कपकोट में भी लागू करने की तलाशेंगे संभावनाएं !
लालकुआं। स्वच्छता और जनसुविधाओं के क्षेत्र में लालकुआं नगर पंचायत की पहल अब दूसरे नगर निकायों के लिए भी अध्ययन का विषय बनने लगी है। इसी क्रम में कपकोट नगर पंचायत की अध्यक्ष गीता ऐठानी ने गुरुवार को लालकुआं पहुंचकर नगर पंचायत की स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और जनोपयोगी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। लालकुआं में संचालित व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने इनकी सराहना की और कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी योजनाओं को कपकोट में भी लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष ने वेस्ट टू वंडर पार्क, कूड़ा पृथक्करण व्यवस्था, एमआरएफ सेंटर और वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण कर कूड़े के संग्रहण से लेकर पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और प्रोसेसिंग तक की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने नगर पंचायत कर्मियों से सीमित संसाधनों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की कार्यप्रणाली को भी समझा।
इसके अलावा गीता ऐठानी ने लालकुआं की डिजिटल लाइब्रेरी और एनडी तिवारी बैंक्वेट हॉल का भी निरीक्षण किया। डिजिटल लाइब्रेरी में युवाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने इसे जनोपयोगी पहल बताया।
इस दौरान लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कपकोट अध्यक्ष को नगर पंचायत की विभिन्न योजनाओं, उनकी कार्यप्रणाली और अब तक सामने आए परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कूड़ा पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और वेस्ट प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गीता ऐठानी ने कहा कि लालकुआं में कूड़ा प्रबंधन, वेस्ट टू वंडर पार्क और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाएं उपयोगी साबित हो रही हैं। इनकी कार्यप्रणाली का अध्ययन कर कपकोट की भौगोलिक एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार इन्हें लागू करने की संभावनाएं देखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के बीच इस तरह अनुभवों का आदान-प्रदान विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हो सकता है।
गौरतलब है कि लालकुआं नगर पंचायत को स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दो वर्षों से उत्तराखंड में प्रथम स्थान मिलने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष का लालकुआं पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन करना नगर पंचायत की स्वच्छता एवं विकास पहलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
