सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई का बेतरतीब ट्रैफिक पर सख्त एक्शन!
हल्द्वानी में बिना ड्रेस-आई कार्ड दौड़े ऑटो-टुक-टुक तो होगी कड़ी कार्रवाई!
ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए SOP दोबारा लागू, सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए सख्त निर्देश — नियम तोड़ने वालों पर नहीं होगी कोई रियायत!
हल्द्वानी
दर्पण न्यूज 24/7
शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। उन्होंने ऑटो और टुक-टुक संचालन के लिए पहले से निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) को तत्काल प्रभाव से पुनः लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब शहर में कोई भी ऑटो और टुक-टुक चालक बिना निर्धारित ड्रेस कोड और पहचान पत्र के वाहन संचालित नहीं कर सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान, परमिट जांच और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यातायात पुलिस और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एपी बाजपेई ने कहा कि ड्रेस कोड और आई कार्ड अनिवार्य करने का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वाहन चालकों की स्पष्ट पहचान बनाए रखना है। इससे अवैध संचालन पर रोक लगेगी और आम जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने दो टूक कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई की इस सख्ती से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब शहर में ट्रैफिक अव्यवस्था पर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। आने वाले दिनों में इसका सीधा असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर दिखाई देने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल सकती है।
