दिल्ली अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में चम्पावत की बाल मिठाई का दबदबा, सीएम धामी भी हुए मुरीद।
दर्पण न्यूज 24*7
चंपावत
तिवारी स्वीट्स की दशकों पुरानी परंपरा और शुद्ध स्वाद ने मेले में मचाई धूम — ब्रांड की गूंज विदेशों तक।
चंपावत। दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार चंपावत की शान बाल मिठाई ने जिस तरह अपनी सुगंध और मिठास से आगंतुकों को आकर्षित किया, वह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गया है। मेले में पहुंचने वाला हर तीसरा व्यक्ति चंपावत की बाल मिठाई का नाम लेते हुए तिवारी स्वीट्स के स्टॉल तक पहुंच रहा है। पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से तिवारी मिष्ठान भंडार के स्वामी एवं क्षेत्रीय विधायक के प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में चंपावत की ओर से इस पारंपरिक मिठाई का स्टॉल लगाते आ रहे हैं। समय के साथ इस स्टॉल ने मेले के भीतर अपनी एक अलग पहचान, एक अलग स्थाई ब्रांड वैल्यू बना ली है। यहां आने वाले लोगों के बीच यह धारणा आम है कि “अगर असली बाल मिठाई का स्वाद चखना है, तो तिवारी मिष्ठान भंडार के स्टॉल पर जरूर जाओ।” तिवारी मिष्ठान भंडार की बाल मिठाई की सबसे बड़ी ताकत है — इसका शुद्ध स्वाद, उच्च गुणवत्ता, और प्राकृतिक सुगंध, जिसे उच्च प्रशिक्षित कारीगर पारंपरिक तकनीक से तैयार करते हैं। स्वाद ऐसा कि जिसे एक बार चख ले, वह हर साल मेले में इसी स्वाद की तलाश में लौटकर आए। लगातार बढ़ती मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस बार भी बाल मिठाई क्विंटलों के हिसाब से बिक रही है, और बड़ी मात्रा में पैकिंग विदेश भेजने की भी मांग आई है। मुख्यमंत्री धामी स्टॉल तक पहुंचे, कहा — “यह सिर्फ मिठाई नहीं, चंपावत की पहचान है” मेले में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी चंपावत की बाल मिठाई की सुगंध से खिंचे चले आए। स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने बाल मिठाई का स्वाद लिया और इसकी शुद्धता तथा गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा,
“चंपावत की बाल मिठाई पूरे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान है। यह मिठाई सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि हमारे प्रदेश की कला, मेहनत और परंपरा का प्रतीक है। तिवारी मिष्ठान भंडार ने इसे देश–विदेश तक पहुंचाकर उत्तराखंड की ब्रांड वैल्यू को मजबूत किया है।”
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह मंच उत्तराखंड की संस्कृति, हस्तकला, शिल्प, कृषि–उत्पादों और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
“यह सम्मान चंपावत के हर कारीगर का है” तिवारी मिष्ठान भंडार के स्वामी और स्टॉल संचालक प्रकाश तिवारी ने कहा,
“हमारी बाल मिठाई देश–विदेश में लोगों की पसंद बन रही है, यह चंपावत के हर कारीगर की मेहनत का परिणाम है। हमारा प्रयास हमेशा यही रहा है कि शुद्ध और प्रामाणिक स्वाद के साथ चंपावत की पहचान दुनिया में और मजबूत हो।” उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा स्टॉल पर आकर प्रोत्साहन देने को ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों को और भी ऊर्जा मिलती है।
