








अंकिता हत्याकांड: सीबीआई जांच व वीआईपी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस का कैंडल मार्च, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में हाल ही में वायरल हुए ऑडियो के बाद वीआईपी आरोपियों की भूमिका सामने आने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। गट्टू और भट्टू के खिलाफ कार्रवाई तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर रविवार देर शाम सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में कैंडल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कैंडल मार्च शुरू किया, जो कोतवाली चौराहे, मुख्य बाजार से होता हुआ मुख्य मार्ग पर भ्रमण करते हुए गांधी पार्क पहुंचा, जहां यह मार्च जनसभा में तब्दील हो गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर अंकिता हत्याकांड के वीआईपी आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक की कथित पत्नी द्वारा ऑडियो वायरल किए जाने के बाद अब इस पूरे प्रकरण में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की संलिप्तता उजागर हो गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिलवाल ने कहा कि यदि प्रकाश में आए वीआईपी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं की गई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जबरदस्त आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यह लड़ाई अब सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा ने कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अंकिता भंडारी इसका ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सिर्फ अंकिता के परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की लड़ाई है। सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर अपने नेताओं को बचाने में लगी है। ऐसे में मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे सीबीआई जांच की सिफारिश करें और नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें।
कैंडल मार्च और जनसभा में नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू, वरिष्ठ नेता हरेन्द्र बोरा, राजेंद्र सिंह खनवाल, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, प्रमोद कॉलोनी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, संदीप पांडे, मीना कपिल, किरन जोशी, मुन्नी पांडे, माया देवी, हेमंत पांडे, सूरज राय, कमलेश यादव, कुंदन सिंह मेहता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
