नैनीताल में पुलिस पर जानलेवा हमला: होटल बिल विवाद में उपनिरीक्षक के सिर पर बोतल से वार, चार आरोपी गिरफ्तार।
नैनीताल।
ज्योलिकोट क्षेत्र में होटल के बिल को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर पर्यटकों ने हमला कर दिया। इस दौरान उप निरीक्षक के सिर पर बोतल से वार किया गया, जबकि एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चौकी प्रभारी ज्योलिकोट उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा ज्योलिकोट बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच खाने के बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि जानलेवा नीयत से आधी भरी पानी की बोतल (मिल्टन) से उप निरीक्षक के सिर पर दो बार वार किया गया। इस घटना में एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भेजने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
दीप चंद्र पुत्र पूरन चंद्र, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा
मनोज पुत्र पूरन चंद्र, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा
त्रिभुवन शर्मा पुत्र पूरन शर्मा, निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा
प्रवीण चंद मंसत पुत्र पूरन चंद मंसत, ग्राम खस्ता, थाना सल्ट
चारों के विरुद्ध थाना तल्लीताल में FIR संख्या 72/2025 के अंतर्गत धारा 109, 115(2), 121, 132, 221, 351(2), 351(3), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने स्वयं विवेचना करते हुए साक्ष्य संकलन के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने दो टूक कहा,
“पुलिस पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
मौके पर मौजूद पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल (विवेचक), उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल जीवन राम, कांस्टेबल मलकीत कंबोज, कांस्टेबल परमजीत सिंह, होमगार्ड गणेश भट्ट।
