खबरें शेयर करें -

प्रेम-प्रसंग में हैवानियत की हदें पार: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की, ग्राइंडर से काटे शव के टुकड़े, नाले और गंगा में फेंके।

दर्पण न्यूज 24/7
संभल/चंदौसी।
मेरठ के नीले ड्रम हत्याकांड की दहशत अभी थमी भी नहीं थी कि संभल जिले के चंदौसी से इससे भी अधिक खौफनाक मामला सामने आ गया। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की नृशंस हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए ऐसी हैवानियत दिखाई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव ने पहले हथौड़े और लोहे की रॉड से राहुल की हत्या की। इसके बाद पहचान मिटाने के इरादे से शव को ग्राइंडर से कई टुकड़ों में काट दिया। धड़ को पत्रुआ गांव के नाले में फेंक दिया गया, जबकि सिर, हाथ और पैर राजघाट गंगा में बहा दिए गए।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से भटकाने की कोशिश
वारदात के बाद शक से बचने के लिए पत्नी रूबी ने थाने में पति राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। लेकिन 15 दिसंबर को पत्रुआ गांव के नाले में क्षत-विक्षत हालत में मिले धड़ ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। दो दिन बाद शव के एक हाथ पर ‘राहुल’ नाम गुदा मिला, जिससे पहचान संभव हो सकी।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि रूबी के मोहल्ले में रहने वाले गौरव से अवैध संबंध थे, जिनका राहुल लगातार विरोध करता था। 18 नवंबर को दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। शव के टुकड़े करने के लिए 19 नवंबर को ग्राइंडर खरीदा गया।
सबूतों के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रूबी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, कार, ग्राइंडर, ब्रश और अन्य सामान बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। हालांकि राहुल के सिर, हाथ और पैर अभी तक नहीं मिले हैं। डीएनए सैंपल लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला रिश्तों के टूटते भरोसे और अपराध की खौफनाक मानसिकता को उजागर करता है। आरोपियों को कठोर सजा दिलाने के लिए मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

उत्तराखंड