नानकमत्ता में पुलिस दबिश के दौरान महिला की मौत से हड़कंप, दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर!
एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी को सौंपी गई जांच!
दर्पण न्यूज 24/7 | ब्यूरो रिपोर्ट
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में पुलिस दबिश के दौरान एक वृद्ध महिला की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल कड़ा कदम उठाते हुए एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
घटना 28 मार्च की बताई जा रही है, जब कोतवाली नानकमत्ता पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट में वांछित आरोपी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए ग्राम सिद्धा नवदिया में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान एक वृद्ध महिला मौके पर पहुंची और अचानक गिर पड़ी। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश और सवाल उठने लगे, जिसके चलते एसएसपी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी को सौंप दी गई है।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज:
एसआई सुनील कुमार
हेड कांस्टेबल नवीन कुमार
कांस्टेबल लोकेश तिवारी
महिला कांस्टेबल बबीता रानी
चारों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, ताकि जांच प्रभावित न हो सके।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच की निष्पक्षता पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारी किस पर तय होती है।
दर्पण न्यूज 24/7 आपको इस मामले की हर अपडेट से लगातार रूबरू कराता रहेगा।
