उत्तराखंड आंदोलन के प्रखर प्रहरी पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन, नैनीताल में शोक की लहर!
पहले विधानसभा चुनाव में नैनीताल से बने थे विधायक, उत्तराखंड राज्य आंदोलन में निभाई थी अहम भूमिका!
नैनीताल। उत्तराखंड की राजनीति और राज्य आंदोलन से जुड़े एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं में शोक की लहर दौड़ गई है। 66 वर्षीय डॉ. जंतवाल नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए थे, जहां अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर नैनीताल लाया जा रहा है।
डॉ. नारायण सिंह जंतवाल उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के उन प्रमुख चेहरों में शामिल रहे, जिन्होंने अलग राज्य की मांग को लेकर लंबे समय तक संघर्ष किया। उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक सदस्यों में शामिल डॉ. जंतवाल ने राज्य गठन के बाद वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में नैनीताल सीट से विधायक निर्वाचित होकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
राजनीति के साथ ही शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह डीएसबी परिसर छात्रसंघ अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर रहे। उत्तराखंड के जनहित, क्षेत्रीय अस्मिता और राज्य के अधिकारों से जुड़े आंदोलनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर वह लगातार अपनी आवाज बुलंद करते रहे।
उनकी पत्नी डॉ. सावित्री जंतवाल डीएसबी परिसर के इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष रह चुकी हैं। डॉ. जंतवाल के निधन पर नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे नैनीताल और उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
डॉ. जंतवाल का निधन नैनीताल के सार्वजनिक जीवन और उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़े उस दौर की एक महत्वपूर्ण कड़ी का टूटना है, जिसकी स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के बीच बनी रहेंगी।

