खबरें शेयर करें -

लालकुआं में चोरी का चौंकाने वाला खुलासा! घर में हाथ साफ करने वाले निकले दो सगे भाई, पुलिस ने जंगल से दबोचा!

50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता, 2.69 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद; एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास!

दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं।

जिस घर में चोरी हुई, उसी वार्ड के रहने वाले दो सगे भाइयों पर पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। आजाद नगर में एक माह पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकब लगाने के औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के खुलासे में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवक बाहरी नहीं, बल्कि आजाद नगर वार्ड नंबर चार के ही निवासी हैं। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।

50 कैमरों की फुटेज ने खोला राज

पुलिस के मुताबिक, बीती 17 अक्टूबर की रात आजाद नगर वार्ड नंबर चार निवासी मोहनी देवी के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने के बाद पीड़िता की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 167/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वारदात के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने लालकुआं और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों से पूछताछ और लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

डर्बी जंगल में पुलिस ने दबोचे दोनों भाई

पुलिस ने 5 नवंबर को डर्बी जंगल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा और उसके भाई विकास मंडल पुत्रगण वीरेंद्र सिंह निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो सोने के मंगलसूत्र, दो सोने के कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 2.69 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए नकब लगाने के औजार भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

एक भाई का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल मंडल उर्फ चीमा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, मुखानी और दिनेशपुर थानों में आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वहीं दूसरे आरोपी विकास मंडल का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

पुलिस टीम की मेहनत लाई रंग

चोरी की घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट और उपनिरीक्षक वंदना चौहान की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। लालकुआं जैसे छोटे शहर में घरों की सुरक्षा और बढ़ती चोरी की घटनाएं आम लोगों की चिंता बढ़ाती हैं। इस मामले में पुलिस ने चोरी का खुलासा कर राहत जरूर दी है, लेकिन सवाल यह भी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मोहल्लों में निगरानी और पुलिस गश्त कितनी प्रभावी बनाई जा रही है?

उत्तराखंड